बाजार से घर लौटते समय अचानक सामने आ गई नीलगाय, सीएचसी मिल्कीपुर में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मिल्कीपुर, अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को नीलगाय से टकराकर बाइक सवार 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने रामभजन को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इनायत नगर थाना क्षेत्र के कहुआ गांव निवासी रामभजन पुत्र राम दुलारे (52) गुरुवार को दो अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से बाजार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मोटरसाइकिल नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रामभजन की हालत गंभीर देखते हुए जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों घायलों का उपचार किया गया।
सूचना मिलने पर इनायतनगर पुलिस सीएचसी पहुंची। प्रभारी निरीक्षक ने उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह को पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रणदीप विश्वकर्मा की रिपोर्ट खण्डासा
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें