प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रगति की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की। 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ी 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की।
मंत्रिमंडल ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी की।
चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदला, आज इसके और कमजोर होने की संभावना।
भारत, जापान को पीछे छोड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबील उद्योग बना।
अमरीका के केन्द्रीय बैंक-फेडरल रिज़र्व ने महंगाई बढ़ने के बावजूद प्रमुख ब्याज दर 3 दशमलव 9 प्रतिशत पर बरकरार रखी।
और, महिला क्रिकेट में भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराकर श्रृंखला तीन-शून्य से जीती।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल नई दिल्ली के सेवा तीर्थ में सक्रिय शासन और योजनाओं के समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए प्रमुख मंच- प्रगति की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री ने 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रेलवे, एकता मॉल और औषधि पार्क से जुड़ी अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की। इन परियोजनाओं की लागत 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। एक रिपोर्ट…
प्रधानमंत्री मोदी ने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों से परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को मिशन मोड में दूर करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री ने मुख्य सचिवों से हर महीने जिलाधिकारियों के साथ सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकारी खर्च का असली उद्देश्य लोगों के जीवन में सुधार लाना होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम एकता मॉल में स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलना चाहिए। आंध्र प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में दवा निर्माण के लिए बनाए गए समर्पित उत्पादन केन्द्र– बल्क ड्रग पार्क की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने दवाओं बनाने में इस्तेमाल होने वाले घटकों का देश में उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। आनंद की रिपोर्ट के साथ विकास नापा।
मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनधारकों की महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह वृद्धि पहली जुलाई 2026 से लागू होगी।
केंद्र सरकार के सभी कर्मचारी और पेंशनर्स को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिपावली पर बडा तोहफा दिया है। डीए और डीआर में इंक्रीज किया है बाय 3 प्रसेंट। यानी पहले जो 60 प्रसेंट था नॉओ दैट विल इंक्रीज़ टू 63 प्रसेंट। 10000 करोड रूपये का गर्वमेंट पे इसका आएगा एडिशनल फाइनेंशिय इम्पलिफिकेशन 48 लाख सेंट्रल गर्वमेंट इम्पलोए्स हैं और 68 गर्वमेंट पेंशनर्स हैं, उनके लिए ये बैनिफिट रहेगा।
मंत्रिमंडल ने घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कंटेनर विनिर्माण प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य भारत में विश्वस्तरीय कंटेनर विनिर्माण व्यवस्था विकसित करना, आयात पर निर्भरता कम करना और आपूर्ति श्रृंखला मज़बूत बनाना है। इस योजना से लगभग तीन हजार प्रत्यक्ष और पचास हजार से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।
इस स्कीम में इस तरह के एलिमेंट्स है कि आने वाले कुछ वर्षों में कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग का भारत एक नया डेस्टिनेशन बनाकर उभरेगा। यह 13 इयर्स की स्कीम है, लॉन्ग टर्म स्कीम है टोटल स्कीम का लेआउट टेन थाउजेंड करोड़ है और इसके चार कॉम्पोनेंट्स, सबसे पहला जो कैपिटल इन्वेस्टमेंट होगा उसे पर जो इंटरेस्ट लगता है उसे इंटरस्ट के ऊपर 3 परसेंट का सब्मेंशन। नेक्स्ट जो बड़ा सपोर्ट मिलेगा वह टेस्टिंग एंड सर्टिफिकेशन, तीसरा इसमें है लैंड लीजिंग सपोर्ट और चौथा है ऑपरेशनल एक्सपेंडिचर असिस्टेंट।
सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि 22 लाख करोड़ रुपये के साथ भारत जापान को पीछे छोड़कर विश्व का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबील उद्योग बन गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत का ऑटोमोबील उद्योग अगले 5 वर्षों में विश्व का सबसे बड़ा ऑटोमोबील उद्योग बन जाएगा।
नई दिल्ली में एक सम्मेलन में श्री गडकरी ने कहा कि भारतीय किसान हाइड्रोजन और अन्य मूल्यवान ऊर्जा उत्पादों के उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अगर हमारा हाइड्रोजन 150 रूपए और 200 रूपये के बीच आएगा तो हमारा देश ऊर्जा को आयात करने वाला नहीं तो ऊर्जा को निर्यात करने वाला देश बनने वाला है और यह ऊर्जा किसान बना रहा है। हाइड्रोजन किसान बनाएगा। यह जो बनेगा इससे हमारी इकोनॉमि इतनी ताकतवार बनेगी कि हमारा इम्पोट खत्म होगा। और हमारा देश आत्मनिर्भर भारत बनेगा।
चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके आज और कमजोर होने की संभावना है। चक्रवात से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में फसलों, घरों और सड़कों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। एक रिपोर्ट-
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मृत परिजनों को पांच–पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक टीम भेजने का अनुरोध किया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चक्रवात से 70 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों से 28 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इन जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल–एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल– एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। इस बीच, बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है। विजयवाड़ा से आर. साई गिरीश की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
उधर, दक्षिणी ओडिशा में चक्रवात के कारण तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
भारी बारिश ने गंजाम और पड़ोसी गजपति जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। गंजाम, छत्रपुर, दिगापहांडी और बेरहामपुर में काफी बारिश दर्ज की गई है। घोडाहाडा नदी में आई बाढ़ से कई गांव जलमग्न हो गए हैं और सड़क संपर्क टूट गया है। जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के कारण निगरानी बढ़ाई गई है । प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर रख रहा है और जरूरी सेवाओं को बहाल करने के काम कर रहा है। IMD ने आज ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कालाहांडी, कंधमाल और सुबर्णपुर जिलों में आज सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार।
चक्रवात के गुजरने के बाद पुद्दुचेरी के यनम के प्रभावित इलाकों में जनजीवन सामान्य हो रहा है। ब्यौरा हमारी संवादाता से
चक्रवात के कारण यनम में बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। लगभग 101 एकड़ में धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव दल बिजली आपूर्ति और सडक सम्पर्क बहाल करने, में जुटे हैं। सावित्री नगर में प्रभावित लोग अब राहत शिविरों से अपने घर लौटने लगे हैं। चक्रवात के लिए बनाए गए सभी 20 शिविरों में लोगों को भोजन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। यनम के सभी शिक्षण संस्थान आज एतियात के दौर पर बंद रहेंगे। पुडुचेरी से के. शेषु बाबू और बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
इस बीच, मौसम विभाग ने मछुआरों को उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल तट के पास ना जाने की सलाह दी है। विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के लिए आज तेज़ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। सिक्किम तथा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज़ बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में आज तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
अमरीका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी निर्धारित ब्याज दर को 3 दशमलव 7-5 प्रतिशत से 4 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है। इससे बढ़ती मंहगाई के बावजूद औसत प्रभावी दर लगभग 3 दशमलव 9 प्रतिशत पर बनी हुई है।
केंद्रीय बैंक ने अपनी दो दिवसीय नीतिगत बैठक के बाद एक बयान इससे यह निर्धारित करने में सहायता मिलेगी कि मंहगाई को केंद्रीय बैंक के 2 प्रतिशत के लक्ष्य तक वापस लाने के लिए कौन सी नीति अपनानी चाहिए। यह निर्णय मध्यावधि चुनाव से ठीक छह दिन पहले आया है।
वस्त्र मंत्रालय, पहली नवम्बर से उत्पादन सम्बंधित प्रोत्साहन योजना – पी.एल.आई. के लिए पोर्टल पर नए आवेदन स्वीकार करेगा। ऑनलाइन आवेदन, पोर्टल pli.texmin.gov.in पर 31 दिसंबर तक खुला रहेगा।
भारत ने कहा है की पेरिस में चल रही वित्तीय कार्रवाई कार्यबल एफ.ए.टी.एफ. बैठक में आतंकवाद के वित्तपोषण और सीमा पार आतंकवाद के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही।
एफ.ए.टी.एफ की बैठक फिलहाल जारी है। आतंकवाद के लिए धन जुटाने और सीमापार आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। आतंकवाद के सभी रूपों से प्रभावी ढंग से निपटने और उसे हराने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को और अधिक प्रयास करने की जरूरत है।
इस्राएल में संसदीय चुनावों के आंशिक परिणामों के अनुसार, प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू के गठबंधन को संसद की 120 सीटों में से 53 सीटें मिली हैं, जबकि विपक्षी दलों के पास 48 सीटें हैं। लगभग 90 प्रतिशत मतों की गिनती हो चुकी है।
अब खेल खबरों से
खेल खबरों की शुरुआत करते हैं क्रिकेट के मैदान से। भारत ने तीसरे और आखिरी महिला एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराकर श्रृंखला तीन–शून्य से अपने नाम कर ली है। 132 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने 17 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल की। भारत की ओर से प्रतिका रावल ने नाबाद 59, और शेफाली वर्मा ने नाबाद 51 रन की पारी खेली। वैष्णवी शर्मा ने पांच विकेट लिए, क्रांति गौड़ और सयाली सतघरे को दो–दो विकेट मिले। वैष्णवी शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जबकि प्रतिका रावल, प्लेयर ऑफ द सीरीज बनीं। और बात करें अगर हॉकी की तो भारतीय पुरुष टीम आज एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे मैच में चीन से खेलेगी। मैच, पंजाब के जालंधर में शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को 13-0 से हराया था। अन्य मुकाबलों में आज मलेशिया और दक्षिण कोरिया जबकि, बांग्लादेश और जापान आमने–सामने होंगे। तो प्रियंका ये थी आज की प्रमुख खेल खबरें।
समाचार पत्रों
कैंसर की दवाएं 93 प्रतिशत तक सस्ती होने की ख़बर को हिन्दुस्तान सहित अधिकांश अख़बारों ने प्रमुखता दी है। बकौल अमर उजाला– अस्सी हजार का इंजेक्शन सात हजार रुपये में, नई कीमतें 9 नवम्बर से लागू होंगी।
दैनिक भास्कर की सुर्खी है- छह घंटे चक्रवात अर्नब का कहर, आंध्र प्रदेश के मचिलिपट्टणम में तूफान ने सब तहस-नहस कर दिया, समय रहते 55 हजार लोगों को बचाया गया।
मतपत्र से हुए विधान परिषद चुनाव में भी कांग्रेस को मिली मात, की ख़बर दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स सहित सभी अख़बारों में है।
जनसत्ता ने लिखा है उत्तर प्रदेश में भाजपा ने छह और समाजवादी पार्टी ने तीन सीट जीती।
अमर उजाला ने सर्वोच्च न्यायालय के हवाले से लिखा है- अनुपस्थित रहने पर भी मताधिकार नहीं छीना जा सकता। निर्वाचन आयोग को दिल्ली की मतदाता सूची से हटाए गए 47 लाख मतादाताओं से सम्पर्क करने को कहा।
दैनिक जागरण ने यूजीसी-नेट के लिए आवेदन की तिथि 31 अक्तूबर तक बढ़ाए जाने की ख़बर प्रकाशित की है। रेलगाड़ी में रात 11 बजे के बाद मोबाइल चार्ज नहीं कर पाएंगे यात्री, राजस्थान पत्रिका ने बताया है कि ये निर्देश मुम्बई-हावड़ा मेल के कोच में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद आया है।
हिन्दुस्तान ने सहूलियत शीर्षक से लिखा है- जल्द ही सीधे घर पर पार्सल पहुंचाएगा रेलवे, ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए पार्सल बुक कर सकेंगे, इसके बाद बुक हुआ सामान घर से उठाया जाएगा और निर्धारित पते पर सीधे पहुंचाया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें