अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के खण्डासा थाना अंतर्गत खण्डासा गांव में सोमवार शाम करीब 6:40 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। आग की चपेट में आने से चार परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। हादसे में अनाज, कपड़े समेत घर में रखा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। घटना की जानकारी डायल 112 और खण्डासा पुलिस चौकी को दी गई। चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि पीड़ित परिवारों को अपना सामान बचाने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते चार परिवारों की गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
विधायक चंद्रभानु पासवान से हुई फोन पर वार्ता
घटना के संबंध में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रभानु पासवान से फोन पर वार्ता हुई। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने की बात कही। अब पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से राहत और आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।
इस अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है
रणदीप विश्वकर्मा की रिपोर्ट खण्डासा
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें